दुद्धी महाविद्यालय : हिंदी विभाग में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
दुद्धी, सोनभद्र (श्याम अग्रहरि)। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी में हिंदी विभाग के तत्वावधान में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के मध्य निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “हिंदी : परंपरा से आधुनिकता की ओर बढ़ती भाषा” निर्धारित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति कुमारी ने हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा, उसकी सांस्कृतिक महत्ता तथा बदलते समय के साथ उसके आधुनिक स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त करते हुए किया। उन्होंने कहा कि हिंदी ने अपनी मूल संवेदनशीलता और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक, संचार और डिजिटल माध्यमों के साथ स्वयं को निरंतर विकसित किया है। विद्यार्थियों से उन्होंने हिंदी के प्रति गौरव-बोध के साथ उसके अध्ययन, प्रयोग एवं संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तत्पश्चात प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को निर्धारित विषय पर निबंध लेखन हेतु निर्देशित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 35 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने हिंदी की परंपरा, वर्तमान स्वरूप, तकनीकी युग में उसकी उपयोगिता तथा भविष्य की संभावनाओं पर अपने मौलिक विचार प्रस्तुत किए।
हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, रचनात्मक अभिव्यक्ति, चिंतनशीलता तथा भाषा के प्रति गौरव की भावना को विकसित करना रहा।







