दुद्धी, सोनभद्र। श्री रामलीला कमेटी दुद्धी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को श्री संकट मोचन मंदिर चौक, दुद्धी में कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी रामलीला आयोजन, आय-व्यय के लेखा-जोखा सहित मंदिर के जीर्णोद्धार एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष श्री रामलीला का भव्य मंचन 5 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। कमेटी की ओर से बताया गया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी रामलीला का मंचन भव्य एवं पारंपरिक तरीके से कराया जाएगा।
बैठक के दौरान सत्र 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष आलोक अग्रहरि द्वारा प्रस्तुत किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विवरण की सराहना करते हुए सर्वसम्मति से आय-व्यय की स्वीकृति प्रदान की तथा सफल वित्तीय प्रबंधन के लिए कमेटी को बधाई दी।
संकट मोचन मंदिर के जीर्णोद्धार पर भी अहम फैसला
बैठक में श्री संकट मोचन मंदिर के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मंदिर की छत पर पानी निकासी के जाम पाइप को तत्काल साफ कराने अथवा नया पाइप लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही मंदिर के मुख्य वारजे (छज्जे) को नए सिरे से बनवाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिसर की अन्य भौतिक कमियों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर कराने पर सहमति बनी।
बैठक में कमेटी के संरक्षक देवनारायण जायसवाल, दिनेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, डॉ. पी.के. विश्वास, विष्णुकांत तिवारी, सुरेश तिवारी, मनीष जायसवाल, पीयूष केसरिया, सुमित सोनी, प्रेम नारायण सिंह (मोनू), देवेश मोहन, डॉ. के.के. चौरसिया, बालकृष्ण जायसवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।







