दुद्धी, सोनभद्र (श्याम अग्रहरि)। दुद्धी नगर स्थित शिवाजी तालाब/पोखरा की सरकारी भूमि एवं उसके भीटा-मेडा पर कथित अवैध कब्जे और पक्के निर्माण को लेकर श्री रामलीला कमेटी दुद्धी ने तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि एवं महामंत्री सुरेंद्र कुमार द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि शिवाजी तालाब/पोखरा की सरकारी भूमि सार्वजनिक उपयोग एवं सरकारी संपत्ति के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है तथा मौके पर पक्का निर्माण भी कराया जा रहा है।
पत्र में आशंका जताई गई है कि यदि समय रहते अवैध कब्जे और निर्माण को नहीं रोका गया तो भविष्य में सरकारी भूमि, तालाब एवं सार्वजनिक संपत्ति को गंभीर क्षति हो सकती है।
रामलीला कमेटी ने प्रशासन से स्थलीय जांच एवं राजस्व अभिलेखों की जांच कराने, शिवाजी तालाब की सरकारी भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्जे व निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोकने तथा निर्माण अवैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
साथ ही संबंधित राजस्व एवं नगर प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर भेजकर सरकारी भूमि की पैमाइश कराने और उसे अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। कमेटी ने जनहित एवं सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को देखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
वही तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता ने आश्वासन दिया कि अवैध कब्जा पर रोक लगाई जाएगी, पैमाइश सहित विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी । इस दौरान नंदलाल अग्रहरि, दिनेश, संदीप गुप्ता, मनीष जायसवाल, विकास मधेशिया आदि लोग मौजूद रहे ।







