- कलेक्ट्रेट में माल्यार्पण कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
- गांधी जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान
सोनभद्र । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित गांधी उद्यान में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी जी की प्रिय रामधुन “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” का सामूहिक गायन किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए कठिन संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के संघर्ष, विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का सम्यक निर्वहन करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को अपने जीवन में विशेष महत्व दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यस्थल की स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से साफ-सफाई के लिए संकल्पित हों।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार एवं आदर्श आज भी पूरी दुनिया को सामाजिक न्याय, अहिंसा, शांति और मानवता का संदेश दे रहे हैं। उनके विचारों एवं शिक्षाओं ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा देने के साथ-साथ विश्व स्तर पर शांति एवं अहिंसा की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट आकांक्षा गौतम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल ने भी महात्मा गांधी जी के जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के चिन्हित 07 क्षय रोगियों को पोषाहार पोटली वितरित की। पोषाहार पोटली प्राप्त करने वालों में जितेन्द्र कुमार सिंह, सुरेन्द्र नाथ, रीता देवी, रामाशंकर विश्वकर्मा, कन्हैया यादव, शान्ति देवी एवं किरन देवी शामिल रहीं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट आकांक्षा गौतम, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







