आरक्षण में आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने, SC/ST एक्ट के दुरुपयोग पर रोक और सवर्ण आयोग के गठन की उठाई मांग
सोनभद्र। सवर्ण आर्मी सोनभद्र के तत्वावधान में सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुटे सैकड़ों लोगों ने चार सूत्री मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार, SC/ST एक्ट के दुरुपयोग पर रोक, सवर्ण आयोग के गठन तथा UGC से संबंधित प्रावधानों में सुधार की मांग उठाई।
कार्यक्रम में विंध्याचल मंडल प्रभारी अविनाश शुक्ला ने कहा कि सवर्ण आर्मी किसी जाति या व्यक्ति के विरोध में नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों की बात कर रही है। उन्होंने SC/ST एक्ट के मामलों में मुकदमा दर्ज करने से पूर्व निष्पक्ष प्रारंभिक जांच की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
जिला संयोजक भोला सिंह ने कहा कि आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान युवाओं को भी समान अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज में भी बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार हैं, जिनके हितों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
वहीं, जिला अध्यक्ष अशोक दुबे ने सवर्ण समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सवर्ण आयोग के गठन की मांग की। उन्होंने कहा कि अन्य वर्गों की समस्याओं के लिए आयोग गठित हैं, उसी प्रकार सवर्ण समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से कमजोर लोगों की समस्याओं को सामने रखने के लिए भी एक प्रभावी मंच होना चाहिए।
चार प्रमुख मांगें
संगठन द्वारा राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में—
1. आरक्षण व्यवस्था में सुधार कर आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने।
2. SC/ST एक्ट के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा मुकदमा दर्ज करने से पहले निष्पक्ष प्रारंभिक जांच की व्यवस्था करने।
3. सवर्ण समाज के हितों एवं समस्याओं के समाधान के लिए सवर्ण आयोग का गठन करने।
4. UGC से संबंधित विवादित प्रावधानों/कानून को वापस लेने अथवा आवश्यक सुधार करने।
कार्यक्रम में संरक्षक शिवपूजन त्रिपाठी, जिला महासचिव नवनीत उपाध्याय, जिला महामंत्री हेमंत त्रिपाठी, अभय पांडे, सुदिष्ट मिश्रा, सूरज पांडे, जिला उपाध्यक्ष अवनीश पांडे, बृज किशोर पांडे, ललित पाठक, जिला सहसंयोजक विनोद सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संरक्षक मंडली के सदस्य अशोक चौबे, राजकिशोर चौबे एवं निर्भय झा ने भी सहभागिता की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर उनका संघर्ष शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सभी वर्गों के लिए समान अवसर, न्याय और सम्मान सुनिश्चित कराने की दिशा में अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है।







