- शिवाजी तालाब में विसर्जन की तैयारियों का लिया जायजा, टीसीडी ग्राउंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
दुद्धी (श्याम अग्रहरि)। विजयादशमी और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने शिवाजी तालाब स्थित विसर्जन स्थल तथा श्री रामलीला मैदान टीसीडी ग्राउंड का निरीक्षण किया।
शिवाजी तालाब पर अधिकारियों ने पानी की गहराई, बैरिकेडिंग, आपात स्थिति में नाव की उपलब्धता, कुशल तैराकों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। वहीं, श्री रामलीला मैदान टीसीडी ग्राउंड में विजयादशमी पर होने वाले रावण दहन और मेले को देखते हुए पुतले की स्थिति, दर्शकों की सुरक्षित दूरी, आतिशबाजी से बचाव, अग्निशमन व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार अमजद खान, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, संजय सिंह और हरिकेश आजाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







