दुद्धी (श्याम अग्रहरि )। विजयादशमी के पावन अवसर पर दुद्धी कस्बे में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ दशहरा पर्व मनाया गया। श्रीरामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम ने 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
विजयादशमी के अवसर पर कस्बे में विभिन्न मंदिरों की देवी प्रतिमाओं का भ्रमण भी कराया गया। मां काली जी मंदिर, पंचदेव मंदिर और श्री संकट मोचन मंदिर सहित अन्य मंदिरों की प्रतिमाओं के भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले और रावण दहन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी तथा प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, कस्बा प्रभारी संजय सिंह, सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।







