दुद्धी (श्याम अग्रहरि)। लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर गुरुवार को दुद्धी तहसील के लेखपालों ने राजस्व विभाग दुद्धी के व्हाट्सएप ग्रुप का बहिष्कार करते हुए ग्रुप छोड़ दिया। इसके साथ ही लेखपालों ने आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र समेत विभिन्न ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया है।
लेखपाल संघ द्वारा जारी आंदोलन कार्यक्रम के तहत 8 अक्टूबर से सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में दुद्धी तहसील के लेखपालों ने राजस्व विभाग के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप से खुद को अलग कर लिया।
ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, वरासत रिपोर्ट, फार्मर रजिस्ट्रेशन और विभिन्न सत्यापन कार्य शामिल हैं। ऐसे में इन सेवाओं के लिए तहसील आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लेखपाल संघ शाखा दुद्धी तहसील अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता का कहना है कि संवर्ग की लंबित एवं न्यायोचित मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन समेत अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। लेखपालों ने मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।







