दुद्धी । उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जनपद सोनभद्र में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को व्यापक छापेमारी की गई।
जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र एवं उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में आबकारी टीम ने दुद्धी क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान आबकारी निरीक्षक रविनंदन (क्षेत्र-2) एवं विनोद कुमार (क्षेत्र-1) ने अपनी टीम एवं स्थानीय थाना दुद्धी पुलिस के साथ मिलकर खजूरी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा संदिग्ध घरों व झुग्गी-झोपड़ियों में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 45 लीटर कच्ची शराब एवं करीब 400 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। वहीं मौके पर संचालित 3 अवैध भट्ठियों को नष्ट करते हुए लहन को भी नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 2 अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा सीमा क्षेत्र की आबकारी दुकानों की नियमित जांच भी की गई। साथ ही रोड चेकिंग अभियान चलाकर चखना दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।







