दुद्धी तहसील में 55 अतिरिक्त हलकों का चार्ज लेखपालों ने छोड़ा
दुद्धी । आठ सूत्री मांगों पर एक माह बाद भी कार्रवाई न होने से लेखपालों का आक्रोश बढ़ गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की दुद्धी तहसील इकाई के अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में लेखपालों ने बैठक कर आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई। इसके तहत अतिरिक्त हलकों का कार्यभार छोड़ते हुए 55 हलकों का चार्ज आरके कार्यालय में जमा कर दिया गया। इन हलकों में करीब दुद्धी सहित 140 गांव शामिल हैं। लेखपालों ने संबंधित गांवों के संपूर्ण कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया है।
तहसील अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि अंतरमंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2024 के विभागीय परीक्षा परिणाम और प्रमाणपत्र जारी करने, भत्तों में वृद्धि, भूलेख व अन्य सहायक पटलों से लेखपालों को कार्यमुक्त करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा ग्राम सचिवालयों में बिना आधारभूत सुविधाओं और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लेखपालों के रोस्टर लगाए जाने का भी विरोध किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर पिछले माह तहसील दिवस में ज्ञापन दिया गया था। अधिकारियों की ओर से एक माह के भीतर मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संघ के निर्णय के अनुसार प्रथम चरण में अतिरिक्त हलकों का चार्ज वापस किया गया है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान तहसील मंत्री लाल बाबू सरोज, राघवेन्द्र दत्त वर्मा, मनोज कन्नौजिया, परमजीत यादव, नीरज सिंह, विवेक पाठक, अश्वनी कुमार, मुकेश गुप्ता, आदि लोग मौजूद रहे ।







