(श्याम अग्रहरि) दुद्धी, सोनभद्र। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी दुद्धी मंडल द्वारा शनिवार को नगर पंचायत स्थित शिवाजी तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालाब, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक करते हुए स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का प्रयास करना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष दीपक शाह एवं स्वच्छता अभियान के संयोजक मनीष जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "12 साल बेमिसाल" पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 5 जून से 21 जून तक विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिवाजी तालाब पर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान तालाब की सफाई करते समय बड़ी मात्रा में कचरे के साथ कुछ शराब एवं बीयर की खाली बोतलें भी मिलीं। भाजपा पदाधिकारियों ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की कि तालाब परिसर के आसपास असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम में भाजपा जिलामंत्री मनोज सिंह, मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रहरि 'बुल्लू', स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर जितेंद्र चंद्रवंशी, मंडल महामंत्री अंशुमान राय, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी, बूथ अध्यक्ष विकास मद्धेशिया, विकास सोनी, धीरज जायसवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







