SONBHADRA NEWS : अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज, भट्ठी ध्वस्त कर 200 किलो लहन नष्ट

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज, भट्ठी ध्वस्त कर 200 किलो लहन नष्ट

(श्याम अग्रहरि) दुद्धी, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग ने विंढमगंज थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र एवं उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दुद्धी रविनंदन ने आबकारी स्टाफ एवं स्थानीय पुलिस के साथ महुली, विश्वकर्मा मोहल्ला, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न संदिग्ध स्थलों, घरों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान लगभग 25 लीटर कच्ची शराब तथा करीब 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मौके पर संचालित एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त कर लहन को नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क चेकिंग एवं चखना की दुकानों की भी सघन जांच की गई। साथ ही ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।