दुद्धी । महिला थाना दुद्धी परिसर में मंगलवार की शाम रामनवमी व ईद पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल व रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने रामनवमी पर्व की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं ईद पर्व के कार्यक्रम की पूरी जानकारी फ़तेह मुहहमद खां कलीमुल्लाह खां ने दिया। दोनों समुदाय के नेतृत्वकर्ताओं से त्यौहार की पूरी जानकारी लेने के बाद कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दोनों समुदाय आपसी भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं। एक दूसरे के त्योहार में सहयोग करने के लिए मानवीय आधार पर कदम बढ़ाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परंपरागत तरीके से चले आ रहे त्योहार के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। पूर्व में निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए लोगों से अमन चैन के माहौल में त्यौहार मनाने की अपील किया। उन्होंने सभीजनों से सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए, त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। चेयरमैन कमलेश मोहन ने त्यौहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने की अपील करते हुए, नगर में साफ सफाई, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रामलीला कमेटी महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, महामंत्री दीपक शाह, कमलेश सिंह कमल, सेराज खाँ, सुनील जायसवाल समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।







