दुद्धी को जिला बनाओ की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
श्याम अग्रहरि
दुद्धी,सोनभद्र : स्थानीय कचहरी के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर कचहरी गेट पर प्रदर्शन किया । इसके बाद जुलूस में तब्दील होकर नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुँचे और दुद्धी को जिला बनाने को लेकर आवाज बुलंद की । इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार सिंह को सौंपा ।दिए ज्ञापन में अवगत कराया कि सोनभद्र उत्तर प्रदेश का सर्वाधिक बड़ा जिला होने से दुद्धी तहसील के बॉर्डर जनपद मुख्यालय से 150 किमी दूरी पर है, तथा हापुड़ जिला से 13 गुना बड़ा है ,यह क्षेत्र आदिवासी ,पिछड़ा ,उद्योग बाहुल्य नक्सल प्रभावित क्षेत्र है सोन नदी के दक्षिण के सम्पूर्ण भूभाग का नया जनपद बनाने का बहुत पुरानी सर्वदलीय लोकप्रिय मांग रही है और विगत कई वर्षों पूर्व सत्ता पक्ष बीजेपी के अनेकों नेताओं व मंत्रियों द्वारा चुनाव जीतने पर जिला बनाने का वादा किया था । दुद्धी परिक्षेत्र जिला बनाने का मानक सभी वैधानिकता को पूरा करता है और इसको लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा पक्ष में रिपोर्ट भेजी जा चुकी है । उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में दुद्धी को जिला बनाने की मांग की । इस मौके पर सिविल बार अध्यक्ष रामलोचन तिवारी , पूर्व अध्यक्ष जवाहरलाल अग्रहरि , प्रभु सिंह ,रामजी पांडेय, सत्यनारायण यादव ,विष्णुकान्त तिवारी, राकेश अग्रहरि के साथ काफी संख्या में अधिवक्तागण व संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहें।







