कोरोना वायरसः विदेश से सोनभद्र लौटे कर्मचारी में मिले लक्षण, पूरा परिवार आइसोलेशन में भेजा गया

सोनभद्र में हिंडाल्को रेनुपावर में काम करने वाले एक कर्मचारी ने खुद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन कर कोरोना की जांच करने को कहा। कर्मचारी कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटा है।स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल रेनुसागर पहुंची और कर्मचारी का सैम्पल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। कर्मचारी के साथ ही उसकी पत्नी, बेटे और बहू का भी सैंपल लिया गया है। चारों को रेनुपावर हास्पिटल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

एमओआईसी म्योरपुर डा. फिरोज ने बताया कि आशंका पर सोनभद्र से पहुंची टीम ने जांच कर ली है। कल तक जांच की रिपोर्ट भी मिल जाने की उम्मीद है। हिण्डाल्को रेनुपावर में काम करने वाला कमर्चारी कुछ समय पूर्व नेपाल गया था और वहां से लौटने के बाद से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। पूर्व में ही दमा से पीड़ित ऑपरेटर रेनुपावर चिकित्सालय में ही इलाज भी किया जा रहा था। इस दौरान नेपाल से लौटने के बाद तबीयत खराब होने पर आशंकावश हेल्पलाइन पर सूचना दे दी। जिसके बाद टीम ने सैम्पल लेकर जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

सीएमओ एसके उपाध्याय के अनुसार खुद कोरोना वायरस की आशंका में उसने फोन से सूचना दी तो तत्काल यहां से एक टीम भेज कर उसका नमूना लिया गया है। नमूना जांच के लिए बीएचयू भेजा जा रहा है। कर्मचारी दर्शन के लिए नेपाल गया था। दो मार्च को लौटा है। उन्हें सर्दी-जुकाम है। सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। जुकाम ठीक नहीं हो रहा है। इसलिए उन्हें कोराना वायरस से संक्रमित होने का शक हुआ। फिलहाल उन्हें अस्पताल में आइसोलेशन में रखवा दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वैसे भी सरकार की गाइड लाइन है कि यदि कोई विदेश से लौटा है या विदेश यात्रा करने वाले और विदेशी से संपर्क में आया है तो उसकी जांच करना जरूरी है।