- रामलीला मैदान में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने खेलकूद के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
दुद्धी, सोनभद्र(श्याम अग्रहरि)। स्थानीय रामलीला मैदान में 5 नवंबर को परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने खेलकूद की अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों में अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. संजय कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
इस दौरान बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। विशेष रूप से करमा लोकनृत्य और मां दुर्गा के स्वरूप में बालिका की भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई।
आयोजन को सफल बनाने में खेल शिक्षक दयाशंकर, संजीव, सुनील एवं लोकपति वर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र चौबे, अविनाश गुप्ता एवं प्रीति चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर एआरपी उज्ज्वल मौर्य, रामसूरत, योगेंद्र यादव, वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन, नीरज कुमार, मुसईराम, अवधेश कन्नौजिया, संतोष सिंह, सदानंद मिश्र, जितेंद्र चौबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।







