SONBHADRA NEWS : कचहरी परिसर में वादकारियों के लिए पक्का कक्ष, सुरक्षा व अन्य सुविधाओं की मांग

कचहरी परिसर में वादकारियों के लिए पक्का कक्ष, सुरक्षा व अन्य सुविधाओं की मांग

- दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम को सौंपा मांग पत्र

दुद्धी, सोनभद्र (श्याम अग्रहरि)। जिला मुख्यालय से दुद्धी तहसील एवं बाह्य न्यायालय की दूरी अधिक होने के कारण स्थानीय स्तर पर अधिवक्ताओं और वादकारियों को होने वाली समस्याओं को लेकर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
मांग पत्र में कहा गया कि कचहरी परिसर के गेट के दोनों तरफ अधिवक्ता एवं वादकारी भीषण गर्मी, बरसात और कड़ाके की ठंड में टीन शेड के नीचे खुले में बैठकर न्यायिक कार्य करने को मजबूर हैं। इससे महिला-पुरुष वादकारियों के साथ आने वाले छोटे बच्चों और अधिवक्ताओं को भी परेशानी होती है। कई बार अधिवक्ताओं की फाइल, बस्ता एवं अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती हैं। ऐसे में टीन शेड के स्थान पर पर्याप्त क्षेत्रफल में आवश्यक सुविधाओं से युक्त पक्का वादकारी कक्ष बनाए जाने की मांग की गई।
इसके साथ ही कचहरी परिसर की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी, मुख्य गेट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की गई।
बार एसोसिएशन के क्षतिग्रस्त सभागार की मरम्मत कराने के साथ फॉल सीलिंग, वॉल पेंटिंग, मार्बल सीट, हाईलाइटर, पूर्ण विद्युत वायरिंग एवं एसी की व्यवस्था कराने की भी मांग रखी गई। कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं एवं वादकारियों के लिए मोटरसाइकिल और कार पार्किंग स्टैंड बनाने की मांग भी की गई।
मांग पत्र में न्यायालय परिसर में स्थित प्राचीन कुएं के चबूतरे एवं छाजन का निर्माण कराने तथा उसकी साफ-सफाई कराने की मांग की गई। वहीं कचहरी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पर्याप्त क्षमता के सोलर पैनल एवं सौर ऊर्जा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी आग्रह किया गया।
अध्यक्ष ने मांग की कि प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले अपर जिलाधिकारी के कैम्प कोर्ट में अभिलेख अधिकारी की अपील की सुनवाई होती है। इसी कैम्प कोर्ट में दुद्धी तहसील क्षेत्र के वादकारियों की सुविधा के लिए लंबित स्टाम्प कमी एवं उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 30(2) से संबंधित मामलों की भी सुनवाई कराई जाए।
दुद्धी बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से उक्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।