• प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी : संजीव कुमार गौड़
• प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गांव-गांव पहुंच रही विकास योजनाएं
• सरकार आपके द्वार अभियान के तहत ग्रामीणों को गांव में ही मिल रहा समाधान
(श्याम अग्रहरि)सोनभद्र। सरकार आपके द्वार अभियान के अंतर्गत कुल डुमरी गांव में आयोजित जन चौपाल में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने अधिकारियों के साथ बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना तथा उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें मंत्री जी के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर मंत्री श्री गौड़ ने कहा कि जन चौपाल में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांव-गांव में जन चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उन्हें अपने गांव में ही त्वरित समाधान उपलब्ध हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रहना पड़े। जन चौपाल शासन एवं जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







