(श्याम अग्रहरि) सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र एवं उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दुद्धी रविनंदन अपनी टीम एवं स्थानीय थाना म्योरपुर पुलिस के साथ क्षेत्र के पडरी, खनता, बस स्टैंड एवं एयरपोर्ट क्षेत्र सहित विभिन्न संदिग्ध घरों, स्थलों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 15 लीटर कच्ची शराब एवं करीब 75 किलोग्राम लहन बरामद किया। मौके पर संचालित एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त करते हुए बरामद लहन को नष्ट कराया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।







