SONBHADRA NEWS : दुद्धी ब्लॉक सभागार में जल जीवन मिशन तहत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना पर प्रशिक्षण आयोजित

दुद्धी ब्लॉक सभागार में जल जीवन मिशन तहत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना पर प्रशिक्षण आयोजित
दुद्धी (सोनभद्र)। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत संचालित ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड दुद्धी के ब्लॉक सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समस्त ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत से एक-एक स्वयं सहायता समूह के सक्रिय सदस्य ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य योजना के विभिन्न महत्वपूर्ण घटकों की जानकारी देना एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर कंसल्टिंग इंजीनियर जेपी गौतम ने डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से प्रतिभागियों को योजना की तकनीकी एवं प्रायोगिक जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने पेयजल स्रोतों के संरक्षण, पाइपलाइन व्यवस्था, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं रख-रखाव संबंधी आवश्यक बिंदुओं पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजना के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान के विषय में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, सभी से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं और इसके सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें योजना को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। इस दौरान भास्कर प्रसाद, ग्राम प्रधान जगत नारायण, विद्वंत, सरजू यादव, रामधनी यादव, सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे ।