श्याम अग्रहरि
●हाल निर्माण के लिए भूमिपूजन व शिलान्यास के लिए आये क्षेत्रीय विधायक को विरोध का करना पड़ा सामाना
●पूर्वांचल विकास निधि के 2021- 22 योजनांतर्गत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से होना है काम
दुद्धी/ सोनभद्र| क्षेत्रीय विधायक द्वारा कचहरी कैम्पस में अधिवक्ताओं के लिए बनाए जाने वाले सार्वजनिक हाल व शौचालय का तय स्थान से बदल कर उसका निर्माण कैम्पस में ही दूसरे स्थान पर करवाये जाने के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास का आज दुद्धी बार संघ के अधिवक्ताओं के गुट ने जमकर विरोध किया और ऐसा करने पर संबंधित विभाग के जेई व एक्सईएन पर कार्रवाई करवाने की धमकी भी दे डाली है ,उधर घोर विरोध के बीच विधायक ने पूर्वांचल विकास निधि योजनांतर्गत 14.99 लाख लागत से बनने वाले सार्वजनिक हाल व शौचालय निर्माण के लिए अपने समर्थकों के साथ भूमि पूजन व शिलान्यास किया और वहां से वापस हो गए|
मामले को लेकर कचहरी में काफी गहमा गहमी की स्थिति देर शाम तक बनी रही| अधिवक्ताओं का कहना था कि यह कार्य पूर्व विधायक के समय की कार्ययोजना है और बजट भी उसी समय पास हुआ है निर्माण के लिए जिस स्थान के लिए प्रस्ताव दिया गया है उक्त स्थल पर निर्माण के लिए जियो टैग भी हो चुका है | बार संघ अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव , कुलभूषण पांडेय , प्रेमचंद यादव ,कैलाश अग्रहरी ,छोटेलाल गुप्ता , संतोष कुमार ,आनंद कुमार आदि अधिवक्ताओं ने लामबंद होकर नारेबाजी की और एकता जिंदाबाद व दुद्धी विधायक मुर्दाबाद के नारे भी लगाए, तयशुदा स्थल से इतर दूसरे स्थान पर किसी भी कीमत पर कक्ष का निर्माण नही होने दिया जाएगा , उन्होंने अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार की भी धमकी दे डाली है|उधर क़स्बा चौकी इंचार्ज संजय सिंह हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए मसक्कत करते दिखे|
इस मामले में क्षेत्रीय विधायक रामदुलार गोंड ने कहा कि कोई स्थान चेंज नही हुआ है ,मेरे निधि से सावर्जनिक हाल का निर्माण होना है जो कचहरी कैम्प्स में होना है उसका शिलान्यास किया गया है भवन बनने पर उसका प्रयोग अधिवक्ताबन्धु ही करेंगे|
अधिवक्ताओं का दो गुट आमने सामने
दुद्धी/ सोनभद्र| सार्वजनिक कक्ष कथित तौर से नियत स्थल से दूसरे स्थल पर बनवाये जाने के लिए हुए भूमि पूजन व शिलान्यास किये जाने से अधिवक्ताओं का समूह आमने सामने हो गया और दोनों तरफ से तेवर तल्ख हो गया|जिसे अन्य साथी अधिवक्ताओं द्वारा माहौल को शांत करते व बीच बचाव करते दिखे |मामले को लेकर कचहरी का माहौल देर शाम तक गर्म रहा और अलग अलग गुट के अधिवक्ताओं के बीच वाद विवाद होता रहा |







