श्याम अग्रहरि
दुद्धी। भाजपा मंडल दुद्धी एवं क्षेत्र पंचायत के संयुक्त अगुवाई में नवनिर्वाचित एमएलसी विनीत सिंह का दुद्धी ब्लाक प्रांगण में जोरदार अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनीत सिंह ने कहा कि जिस उम्मीद के साथ आप सभी ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा। कहा कि सीमित बजट में दो जनपद मिर्जापुर व सोनभद्र के कुल 1438 गांव के विकास का जिम्मा है। कोशिश रहेगी कि हर जरूरी कार्य को प्राथमिकता के स्तर पर किये जायें। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की हैंडपंप, मनरेगा समेत किसी भी अन्य कार्य में सीधा भागीदारी न होने की पीड़ा समझते हुए कहा कि सरकार ने दोनों जनपदों में हर घर नल योजना लागू किया है,
कुछ समय मे यह परियोजना पूर्ण ही जायेगा।इसके मद्देनजर नये हैंडपंप अधिष्ठापन सम्बन्धी सारे बजट बन्द कर दिये हैं। उन्होंने बीडीसी की अन्य मांगों को सदन में उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने फिलहाल सभी सदस्यों से उनके क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाईट की सौगात देने का प्रस्ताव रखा और सहमति मांगी।जिस पर लोगों ने सहमति जताई। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष मिर्जापुर राजू कनौजिया, ब्लाक प्रमुख दुद्धी रंजना मणि कनौजिया, जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम,मोहन कुशवाहा, बीडीओ मनीष मिश्रा, मनोज सिंह बबलू, बीडीसी संघ अध्यक्ष पीसी गुप्ता एड., प्रधान प्रतिनिधि राजू समेत कई लोगों ने संबोधित कर अभिनंदन किया एवं आवश्यक सुझाव दिए। इसके पूर्व एमएलसी श्री सिंह का फूल माला, अंगवस्त्रम एवं गुलदस्ता भेंटकर जोरदार अभिनन्दन किया गया।इस मौके पर पूर्व जिला जज राजन चौधरी,सुरेंद्र सिंह, अंजनी जायसवाल, शेषमणि चौबे, कुमार कुंदन, मनीष जायसवाल, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह,एडीओ पंचायत समर बहादुर सिंह समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।संचालन अविनाश कुमार ने किया।







