(श्याम अग्रहरि, सोनभद्र)
सोनभद्र । जनपद में आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। सभी उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेंगे तथा पीस कमेटी की बैठकें भी आयोजित करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली फेक न्यूज एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी एवं सड़क पर नमाज अदा करने पर रहेगी रोक
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न की जाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़कों पर नमाज अदा न की जाए जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। खुले में मांस अथवा अवशेष न फेंके जाएं, बल्कि उन्हें निर्धारित स्थान पर भूमि में दफन किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित धर्मगुरु एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। उपस्थित धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों ने आश्वस्त किया कि जनपद में पूर्व की भांति आपसी सौहार्द एवं प्रेम के साथ पर्व मनाया जाएगा।







