सोनभद्र । सोनभद्र जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 15872 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। मतदान के दौरान उम्मीदवार पसंद नहीं आने पर मतदाताओं ने नन ऑफ द एबव (नोटा) का बटन दबाकर विरोध तो जरूर दर्ज कराया, लेकिन किसी की भी जीत की राह नहीं रोक पाए। जिले में नोटा का बटन दबाकर मतदाताओं ने प्रत्याशियों को आईना दिखाने की कोशिश की है। वहीं, चुनावी मैदान में उतरे कुल 40 प्रत्याशियों में से 26 प्रत्याशियों को नोटा से कम वोट मिले हैं। बता दें कि इनमें कांग्रेस समेत अधिकतर निर्दलीय और छोटे दलों के प्रत्याशी शामिल हैं।
जनपद की चारों विधानसभा सीटों पर गत 7 मार्च को मतदान हुआ था। मतदाताओं ने जोश के साथ अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाले थे। इस दौरान जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर 15476 ऐसे मतदाता भी शामिल रहे, जिन्हें चुनाव मैदान में उतरा कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं आया और उन्होंने नोटा का बटन दबाया। बता दें कि निर्वाचन आयोग ने देश की जनता को यह व्यवस्था दी हुई है कि अगर किसी मतदाता को कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं आता है, तो वह ईवीएम मशीन में नोटा के बटन को दबा सकता है।
जिले में सबसे अधिक दुद्धी विधानसभा में 4756 और सबसे कम ओबरा विधानसभा में 3077 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। वहीं कई दलों और निर्दलों के प्रत्याशियों को तो नोटा से भी कम मत मिले हैं। रॉबर्ट्सगंज व दुद्धी में तो कांग्रेस प्रत्याशी को नोटा से भी कम मत मिले हैं। रॉबर्ट्सगंज सदर विधानसभा सीट में 3612 और घोरावल विधानसभा सीट में 4481 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।







