SONBHADRA NEWS : अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रॉबर्ट्सगंज व दुद्धी में 05 लाइब्रेरी/कोचिंग संस्थान सील

अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रॉबर्ट्सगंज व दुद्धी में 05 लाइब्रेरी/कोचिंग संस्थान सील
(श्याम अग्रहरि) सोनभद्र । पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को उपजिलाधिकारी सदर एवं उपजिलाधिकारी दुद्धी द्वारा, थाना प्रभारी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान निम्न संस्थानों की जांच की गई डीएलजेडीसी लाइब्रेरी, रॉबर्ट्सगंज, संस्कार लाइब्रेरी, रॉबर्ट्सगंज, रिसर्च एण्ड रिसोर्स कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, रॉबर्ट्सगंज, जया डिजिटल लाइब्रेरी, दुद्धी, सक्सेस लाइब्रेरी, दुद्धी का निरीक्षण के दौरान उपरोक्त संस्थानों में बेसमेंट में संचालन, अग्निशमन उपकरणों की अनुपलब्धता, आवश्यक पंजीकरण का अभाव तथा आपातकालीन निकास (Emergency Exit) की समुचित व्यवस्था न पाया जाना जैसी गंभीर कमियां पाई गईं। यह कमियां विद्यार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील एवं मानकों के विपरीत पाई गईं।

अग्नि सुरक्षा एवं अन्य निर्धारित मानकों की घोर अनदेखी पाए जाने पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी की उपस्थिति में रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के 03 तथा दुद्धी क्षेत्र के 02 लाइब्रेरी/कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया।

जनपद प्रशासन एवं सोनभद्र पुलिस द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।