दुद्धी-सोनभद्र। तहसील मुख्यालय पर आये दिन जाम के झाम से आम जन ही नहीं प्रशासनिक अमला भी त्रस्त है। जाम के मुख्य कारणों में राष्ट्रीय राजमार्ग की पटरियों तक अतिक्रमण कर दुकानों को लगाना ही बताया जा रहा है जो काफी हद तक सही व सटीक है। बीते कुछ समयों से बार-बार जाम के कारण सड़कों पर हादसों की सम्भावना व्यक्त भी की जा चुकी है, जिसका खामियाजा कुछ भी हो सकता है।अभी दो दिन पूर्व एक 17 वर्षीय बालक के मौत पर कई सवाल खड़ा हुआ है।
बहरहाल इस वाकिये से प्रशासन की तंद्रा टूटी और वह आज शुक्रवार को दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ शख़्त कार्यवाही के लिए निकल पड़ा। उपजिलाधिकारी दुद्धी सुशील यादव व क्षेत्राधिकारी दुद्धी संजय वर्मा ने नायब तहसीलदार सूर्यबली मौर्य, प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह,अधिशाषी अधिकारी भारत सिंह,चेयरमैन दुद्धी राजकुमार अग्रहरि, तथा नगर पंचायत कर्मी व पुलिस कर्मियों के साथ पूरे कस्बे में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करते हुऐ सड़क की पटरियों को खाली कराया व दुकानदारों को नाली व नगर पंचायत की सीमा के अन्दर दुकान लगाने का शख़्त चेतावनी दिया।
उपजिलाधिकारी ने शख़्त लहजे में चेतावनी दी है कि दुकानदार अपनी दुकानों को नगरपंचायत की नाली सीमा के अन्दर लगाये, जहां नाली नही है वह नगर पंचायत का सीमांकन है उसी के अन्दर लगाये। किसी भी स्थिति में दुकानों को सड़क पर न लगाया जाये, नही तो और शख़्त कार्यवाही की जायेगी। इस बाबत
कुछ दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया गया है।
उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों के दल ने चौक दुद्धी से पत्तीगोदाम,तालाब रोड़, बस स्टैण्ड, म्योरपुर रोड़, म्योरपुर तिराहा से हाथीनाला रोड़ में लगने वाले दुकानों के कारण आ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए पटरी को खाली कराते हुए आवश्यक कार्यवाही भी किया। प्रशासन के इस कार्यवाही से अतिक्रमण करने वालों में अफरातफरी का माहौल है ।
बतादें की आये दिन दुद्धी के मेन सड़क पर जाम की समस्या सुरसा के मुँह की तरह बढ़ती ही जा रही है। पटरी पर लगने वाली दुकानें इस कदर लगाई जाती है कि यदि आप कोई सामान खरीदना चाहे तो उसे मेन रोड पर खड़ा होकर सामान लेना पड़ेगा।
केवल समस्या पटरी दुकानों से नहीं हैं बल्कि कुछ ऐसे भी दुकानदार जिम्मेदार हैं जिनका स्थायी दुकान है फिर भी वो अपने दुकानों का सामान सड़क तक फैला देतें हैं।







