धड़ल्ले से चल रहा ओवरलोड परिवहन, प्रशासन का आदेश बेअसर

अमवार । प्रशासन के आदेश पर जिला मुख्यालय पर भले ही ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसी जा रही हो लेकिन जिले के अंतिम छोर स्थित अमवार चौकी क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर ओवरलोड बालू का परिवहन बेखौफ चल रहा है । बालू नगवा से कनहर परियोजना के मिट्टी बांध के पिचिंग पर लगाया जा रहा है लेकिन ओवरलोड हाइवा सड़कों पर जिस फर्राटा के साथ दौड़ रही हैं जिससे राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। राहगीरों में इस बात का भय सता रहा है कि कहीं किसी को चपेट में न ले ले । अमवार चौकी क्षेत्र में बिना नम्बर की ओवरलोड हाइवा बेखौफ चलने से ग्रामीणों में चर्चाओं का माहौल गर्म है और लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं । बड़ा सवाल यह है कि जब मुख्यालय पर ओवरलोड को रोकने का आदेश है तो आखिर यहां क्यों आदेश प्रभावी नहीं हो रहा । ग्रामीणों ने बालू के ओवरलोड परिवहन पर रोक लगाने मांग की है और निर्धारित लोड पर बालू परिवहन किया जाए ताकि सड़क की उम्र भी बरकरार रहे ।