SONBHADRA NEWS : एसपी ने दुद्धी सर्किल का किया अर्दली रूम, अपराध नियंत्रण व लंबित विवेचनाओं की समीक्षा

एसपी ने दुद्धी सर्किल का किया अर्दली रूम, अपराध नियंत्रण व लंबित विवेचनाओं की समीक्षा

- थाना दुद्धी का निरीक्षण कर जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और महिला सुरक्षा पर दिए निर्देश
दुद्धी, सोनभद्र (श्याम अग्रहरि)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना दुद्धी में दुद्धी सर्किल के अंतर्गत आने वाले थाना दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर, बभनी एवं बीजपुर के प्रभारी अधिकारियों के साथ अर्दली रूम आयोजित कर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई, मिशन शक्ति एवं साइबर अपराधों की समीक्षा की।

अर्दली रूम में क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत समेत सभी संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों एवं जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।

साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर फ्रॉड की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, पीड़ितों की धनराशि होल्ड अथवा फ्रीज कराने के प्रयास करने तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

एसपी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंटों की तामीला सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटरों एवं अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए।
थाना दुद्धी का किया निरीक्षण

अर्दली रूम के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना दुद्धी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेख, जनसुनवाई व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति से संबंधित व्यवस्थाओं, बैरक, मालखाना एवं साफ-सफाई का जायजा लिया।

उन्होंने अभिलेखों एवं कार्यालयीय कार्यों का अवलोकन करते हुए उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव, जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा थाना परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने तथा महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए।

अंत में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और जनता का विश्वास कायम रखने के निर्देश दिए।