डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पांच दिनों तक देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक व ऐतिहासिक स्थलों का करेंगे भ्रमण
(सोनभद्र, 25 अक्टूबर) [श्याम अग्रहरि]। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद सोनभद्र के चार पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का दल रविवार को पांच दिवसीय शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट पर आईआईटी दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा विज्ञान, तकनीक और उच्च शिक्षा के प्रति उनकी रुचि विकसित करना है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के अलावा नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन, नेशनल साइंस सेंटर सहित दिल्ली के अन्य ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इन स्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक गतिविधियों, आधुनिक तकनीक और देश की ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
प्रत्येक विद्यालय से 40-40 छात्र-छात्राएं तथा तीन-तीन यात्रा प्रभारी इस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे हैं। संपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण के सफल संचालन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चौहान को जनपद नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की एक्सपोजर विजिट बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ती है। इससे विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने और भविष्य में बेहतर शैक्षणिक एवं करियर संबंधी विकल्पों को समझने में मदद मिलेगी।







