दुद्धी । दुद्धी क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मनाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर बाबा साहेब के विचारों एवं उनके योगदान को याद किया गया।
दुद्धी स्थित भाऊ राव देवरस राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य एवं शिक्षकों के नेतृत्व में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्रों ने भी भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
वहीं दुद्धी के वार्ड नंबर 3 में स्थानीय नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से जयंती मनाई गई। यहां भी बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में छात्राओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने भाषण, कविता एवं नाटक के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने छात्राओं को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
ग्राम पंचायत धनौरा के पंचायत भवन में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां ग्रामीणों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधान सुभाष ने अपने वक्तव्य में बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
इसके अतिरिक्त दुद्धी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी डॉ. अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों एवं छात्रों ने रैली, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार किया।







