सोनभद्र । जनपद स्तरीय मिशन शक्ति सहायक नोडल अधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी (क्षेत्राधिकारी यातायात) के नेतृत्व में तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय की उपस्थिति में गुरुवार को सर्किल दुद्धी अंतर्गत थाना दुद्धी, थाना विण्ढ़मगंज, थाना बभनी, थाना बीजपुर, थाना म्योरपुर एवं म0 थाना दुद्धी के मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी, थाना प्रभारी निरीक्षक/थाना अध्यक्ष एवं मिशन शक्ति केंद्र की संपूर्ण टीम को मिशन शक्ति केंद्र की कार्यशैली, कार्यप्रणाली एवं संचालन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सहायक नोडल अधिकारी द्वारा महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया जैसे महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार एवं काउंसलिंग की प्रक्रिया, महिलाओं, छात्राओं एवं आमजन में सुरक्षा जागरूकता फैलाने के प्रभावी तरीके, साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता एवं उनकी व्यापक जानकारी प्रसारित करने की रणनीति जैसे बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई ।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय द्वारा फील्ड में आने वाली चुनौतियों, घटनाओं की प्रारंभिक सूचना संग्रह, पीड़ित सहायता तंत्र एवं प्रभावी समन्वय व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
सहायक नोडल अधिकारी द्वारा टीमों को निर्देशित किया गया कि मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू करते हुए प्रत्येक पीड़ित को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सहायता उपलब्ध कराई जाए। टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु भी प्रेरित किया गया।
- महिला थाना दुद्धी के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत सहायक नोडल अधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी द्वारा मिशन शक्ति केंद्र, महिला थाना दुद्धी का निरीक्षण भी किया गया । निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, रजिस्टरों एवं शिकायत प्रबंधन व्यवस्था की विस्तार से जाँच की गई। पीड़ित महिलाओं के लिए बनाए गए काउंसलिंग कक्ष, सहायता डेस्क एवं त्वरित सेवा प्रक्रिया का मूल्यांकन किया गया। केंद्र की टीम को रिकॉर्ड रख-रखाव, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण एवं पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केंद्र में कार्यरत टीम को मिशन शक्ति 5.0 के तहत निर्धारित मानकों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि जनपद पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।







