SONBHADRA NEWS : आपात स्थिति में बचाव हेतु मॉक ड्रिल आयोजित


आपात स्थिति में बचाव हेतु मॉक ड्रिल आयोजित

- छात्र-छात्राओं को दिया गया जीवनरक्षक प्रशिक्षण एवं जागरूकता संदेश
(श्याम अग्रहरि, सोनभद्र)
सोनभद्र : बुधवार को स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, चुर्क में जिलाधिकारी सोनभद्र एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र की संयुक्त अध्यक्षता में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ को हवाई हमले या अन्य आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया। ड्रिल के दौरान तत्काल प्रतिक्रिया, निकासी प्रक्रिया, शेल्टर प्वाइंट की पहचान, तथा सामूहिक अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही, बचाव दलों द्वारा रेस्क्यू व प्राथमिक उपचार की भी लाइव प्रस्तुति दी गई, जिससे छात्र-छात्राओं को वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने का आत्मविश्वास मिल सके।
प्रशासनिक वक्तव्य - 

जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल बच्चों को आपातकालीन परिस्थितियों में तैयार करती है, बल्कि पूरे समाज को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाती है। हम सभी को सतर्क और संवेदनशील रहना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा अपने वकतव्य में कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। मॉक ड्रिल के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि किसी भी संकट की घड़ी में संयम, सूझबूझ और जागरूकता ही सबसे बड़ा अस्त्र है।
जनपद स्तर पर समन्वित मॉक ड्रिल - 

इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल क्षेत्रों में थाना/चौकी प्रभारियों के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं को न केवल आपदा के समय जीवनरक्षक उपायों की जानकारी दी गई, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता व समन्वय क्षमता का भी सफल प्रदर्शन हुआ।प्रशासन की अपील

* आमजन घबराएं नहीं - यह एक पूर्व नियोजित अभ्यास था।
* अफवाहों पर ध्यान न दें - केवल अधिकारिक सूचना पर विश्वास करें। आपदा के समय धैर्य, अनुशासन और प्रशासन से सहयोग ही सबसे प्रभावी हथियार हैं।
हमारा उद्देश्य - 

"एक जागरूक, सशक्त और संगठित समाज का निर्माण”

*इस अभ्यास को एक जन-जागरूकता अभियान के रूप में देखा जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपदा से निपटने में हम सभी तैयार रहें।


---------------------------------------------------------------