SONBHADRA NEWS : जन चौपाल में मण्डलायुक्त ने ग्रामवासियों से वार्ता कर संचालित योजनाओं का लिया जायजा, सी०डी०पी०ओ के वेतन भुगतान रोकने का निर्देश

जन चौपाल में मण्डलायुक्त ने ग्रामवासियों से वार्ता कर संचालित योजनाओं का लिया जायजा, सी०डी०पी०ओ के वेतन भुगतान रोकने का निर्देश

- मण्डलायुक्त ने एडीओ पंचायत पर भी कार्यवाही के दिए निर्देश
दुद्धी, सोनभद्र। सरकार आपके द्वार योजना के तहत प्राथमिक विद्यालय डुमरडीहा परिसर में विंध्याचल मंडल के मण्डलायुक्त बाल कृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में जन चौपाल आयोजित किया गया।इस दौरान जिलाधिकारी बी एन सिंह ने शासन की ओर से संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों से जानकारी ली । इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र से संचालित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली गई जिस पर ग्रामीणों वेट मशीन और हाइट मशीन न होने से बच्चों के वजन करने में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया जिस पर तत्काल संबंधित को मशीन खरीदने का निर्देश दिया गया। इसी दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषण वाटिका न होने की दशा में सी०डी०पी०ओ का वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जब तक वाटिका लगाकर फोटो नहीं भेजेंगे तब तक वेतन नहीं मिलेगा। सामुदायिक शौचालय के बारे में जानकारी ली जिस पर ग्रामीणों ने साबुन और डब्बा न होने की शिकायत की जिस पर तत्काल सामानों को खरीदने का निर्देश दिया। वहीं श्याम किशोर ने शौचालय न मिलने की शिकायत की तो एडीओ पंचायत सहित दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली जिस पर एक विद्यालय के प्रधानाचार्य के लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत ग्रामीणों ने की साथ ही एक विद्यालय में 158 बच्चो का नामांकन होने के बाबजूद 140 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए 18 बच्चे नहीं आए तो कमिश्नर कहा कि बच्चो को जरूर स्कूल भेजे। ए०एन०एम को केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। इस दौरान सीएमओ ने 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी अभियान के बारे में बताया ।मनरेगा से हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली जिस पर मनरेगा की मजदूरी न मिलने की शिकायत ग्रामीणों ने की साथ ही जिलाधिकारी ने तत्काल एक मनरेगा निर्माण की जांच करने के लिए एडीपीआरओ को भेजा। ग्रामीणों के पेंशन मामले में कई ग्रामीणों ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत की इस पर ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण का वेतन रोकने का निर्देश दिया।ग्रामीणों ने गांव में कई विद्युत पोल और खंभे जर्जर होने की शिकायत की।हर घर नल योजना के तहत ग्रामीणों को 5 जून तक पानी देने की बात कही गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों के साथ समन्वय और बातचीत हो जो कमियां है इसे दूर किया जाए यहां पंचायत भवन और स्कूल की अच्छी व्यवस्था है।मण्डलायुक्त ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य होता है कि ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण हो।सरकार की योजनाओं का जमीनी हकीकत क्या है इसकी भी पड़ताल होती है।उन्होंने कहा कि एक गांव के 25 लोगों को गरीब चिन्हित कर सभी प्रकार के लाभ देने की योजना है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देने में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने ग्रामीणों से कहा कि पुलिस हमेशा सहयोग के लिए तैयार रहती है आप अपनी शिकायत हेल्प लाइन के माध्यम से भी दर्ज करा सकते है।उन्होंने ग्रामीणों से भूमि से संबंधित विवाद, छेड़छाड़, महुआ की शराब बनाने आदि के बारे में भी जानकारी ली।इससे पूर्व ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी बी०एन० सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, एडीएम रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ अश्वनी कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव बीडीओ राम विशाल, एडीओ आशुतोष श्रीवास्तव, बीएसए मुकुंद पांडेय ,एबीएसए महेंद्र मौर्य ग्राम प्रधान फूलपति देवी सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।