●नही चेत रहा नगर पंचायत- सुरेन्द्र अग्रहरि
●सभासद भी दर्ज करा चुके है अपनी शिकायत
(दुद्धी)सोनभद्र- अत्यधिक ठण्ड व शीतलहर के कारण सडको के किनारे तो अलाव की व्यवस्था की गई हैं लेकिन गलियों में रहने वाले लोगों के घरों के आसपास अलाव नही जलने के कारण लोग ठण्ड से ठिठुर रहे है। इस सन्दर्भ में नगर पंचायत प्रशासन चेत नही रहा है। वृद्ध महिलाएं व पुरूष ठण्ड से ठिठुर रहे है। प्रशासन द्वारा पूर्व में कम्बल का भी वितरण किया जाता था जो इस बार अभी तक वितरित नहीं हो पाया है जिससे लोगो को और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता डीसीएफ चेयरमैन सुरेन्द्र अग्रहरि ने उपजिलाधिकारी महोदय का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि कई बार मीडिया के माध्यम से यह बात सार्वजनिक रूप से माँग किया गया है कि नगर पंचायत के सभी वार्डो के गलियों, मुहल्लों में अलाव की व्यवस्था की जाए लेकिन ऐसा हो नही रहा है। सभासद लोग भी इस बात को अधिशासी अधिकारी से अपनी शिकायत दर्ज करा चुके है लेकिन वही ढाक के तीन पात वाली कहानी चरितार्थ होती हैं। नगर पंचायत प्रशासन को चाहिए कि अधिकतम 15 दिन की बात है ,सभी जगहों पर अलाव जले , गली ,मुहल्लों के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था हो । धूप न निकलने के कारण लोग घरों में ही दुबक कर रह जा रहे है, ऐसे में आवश्यकता है कि सभी वार्डो के गली ,मुहल्लों के प्रमुख स्थानों पर अलाव जले।







