श्याम अग्रहरि
मामला एनएच 75 से दुद्धी धनौरा जपला रन्नु महुअरिया 12.4किमी सड़क का
पुरानी सड़क का स्क्रेपिंग कर जीएसबी की प्राइमरी कोट दिखाने के फिराक में ठीकेदार
ग्रामीणों का आरोप तीन कोट की जगह दो कोट बिछाई गई सोलिंग ,अब पेंटिंग में पैरों से रगड़ते ही उखड़ रही गिट्टी
दुद्धी/ सोनभद्र| दुद्धी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत पीएमजीएसवाई विभाग से बनवायी जा रही सड़क निर्माण में धांधली का आरोप लगाकर जपला गांव के ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया और पीएमजीएवाई विभाग व ठीकेदार के खिलाफ नारेबाजी किया |जपला के ग्रामीण शिव पूजन यादव, दीपक यादव, श्याम बिहारी यादव, बबलू यादव, प्रेमचंद यादव, जयकुमार यादव, सरजू यादव,मनोज मोर्या, रामेश्वर मोर्या, शिव कुमार यादव आदि ने कहा कि एनएच 75 से दुद्धी – धनौरा – जपला ,रन्नू मार्ग महुअरिया रोड का चौड़ीकरण करते हुए 3.75 मीटर चौड़ी 3 करोड़ 66 लाख की लागत से 12.4 किलोमीटर सड़क का निर्माण पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा करवाया जा रहा है जहां ठीकेदार ने विभागीय मिलीभगत से जीएसबी सहित तीन कोट गिट्टी की स्थान पर केवल दो कोट सोलिंग बिछाकर पेंटिंग शुरू कर दी है|
वही पुरानी सड़क की स्क्रेपिंग कर एक कोट जीएसबी दिखाने के फिराक में तुला ठीकेदार अब सड़क की बिना अच्छे से सफाई कराये घटिया पेंटिंग करवा रहा है |पेंटिग किये सड़क पैरों से रगड़ने पर उखड़ जा रही है उन्होंने कहा कि करोड़ों की सड़क के निर्माण में मानकों की जबरजस्त अनदेखी की जा रही है और जिम्मेदार कुम्भकर्णी निद्रा में सोए हुए हैं|उन्होंने डीएम का ध्यान आकृष्ट कर सड़क की जांच किसी अन्य एजेंसी करवाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है कहा कि उनकी नहीं सुनी गई तो वे आंदोलन तेज करेंगे|