नगर पंचायत दुद्धी में नालियों का पानी घरों में और गलियों में

दुद्धी- एक तरफ जहां बरसात ने अपनी शुरुआती दस्तक दे दी है। वहीं दूसरी तरफ दुद्धी के नगर पंचायत प्रशासन इसे अनदेखा करते हुए व्यवस्थाओं के नाम पर सोई हुई है। जबकि बीते दिन हुए हल्की बरसात ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की पूरी तरह पोल खोल कर रख दी है। नगर पंचायत स्थित 11 वार्ड जहां की नालियां पूरी तरह जाम होकर बजबजा रही हैं। कुछ सड़कें नालियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जिसके कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है।

नगर पंचायत प्रशासन को इस बारे में पूरी जानकारी है। परंतु सब देखने के बाद भी उनके द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लिहाजा स्थिति बद से बदतर होती चली जा रही है। जबकि नगर पंचायत प्रशासन को यह अच्छी तरह से जानकारी है की बारिश होने से पहले नगर स्थित तमाम नालियों की सफाई तथा क्षतिग्रस्त सड़कें नालियों की मरम्मत करा दी जाती हैं। परंतु इस बार संबंधित जिम्मेदार निद्रा में सोये हुए हैं।

नालियां हो गईं क्षतिग्रस्त

बताते चलें कि काली मंदिर स्थित गली में बीते कुछ वर्षों से सड़कें नालियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसके कारण उक्त जगहो के सीवर लाइन का गन्दा पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घर में चला जा रहा है। यही नहीं उस जगह के रहवासी रामचंद्र का घर नालियों के पानी से चारों तरफ घिर गया है,और इस हल्की बारिश ने वहाँ गन्दे पानी का तालाब बना दिया है।जिसके कारण उन्हें घर छोड़ कर दूसरे जगह आसरा लेना पड़ा।

सभासद बोले- पहले ही करवाया जा चुका है अवगत

गौरतलब है कि वहाँ के रहवासी नारकीय जीवन यापन करने को मजबूर है। घर से निकलते ही उसी नालियों के गंदे पानी से होते हुए जाना पड़ता है जिसे उन्हें खासा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं वार्ड नंबर 1 के सभासद धनंजय रावत ने बताया कि इस समस्या से नगर पंचायत को कई बार अवगत करा दिया गया है । परंतु उनके द्वारा कोई भी कारगर व ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिसके कारण यह समस्या आ रही है।

चेयरमैन दुद्धी राजकुमार अग्रहरि से वार्ता के दौरान बताया गया कि नगर पंचायत नाली व सड़क बनवा कर व्यवस्था ही दे सकती है, किसी की जमीन नहीं ले सकती है। उक्त जगह पर पहले से ही पानी इकट्ठा होता आया है, उसके आगे नाली वगैरह नहीं है। 15 दिनों के अंदर वहां नाली की व्यवस्था व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी। उक्त संदर्भ में कुछ ही दिनों में निविदा निकाली जा रही है। सफाई कर्मियों को निर्देश दे दिया गया है कि बारिश से पूर्व नगर स्थित सभी नालियों की पूरी सफाई हो जानी चाहिए।