विंढमगंज : अवैध खनन करते ट्रैक्टर धराया, हड़कम्प

विंढमगंज । स्थानीय थाना क्षेत्र में आज कनहर नदी से अवैध रूप से खनन करके एक ट्रैक्टर बालू परिवहन करते समय पतरिहा गांव के ग्रामीणों ने धर दबोचा तथा मौके पर 100 डायल की गाड़ी को फोन करके बुलाकर उक्त अवैध बालू परिवहन में लिप्त ट्रैक्टर को वन विभाग विंढमगंज को सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में अवैध बालू का खनन व परिवहन जोरों से चल रहा है। इसी क्रम में आज कनहर नदी से अवैध बालू का परिवहन कर रहा एक ट्रैक्टर पतरिहा ग्राम पंचायत में अनियंत्रित होकर रामचंद्र प्रसाद के घर के पास रोड के किनारे लगे झाले में जा फंसा।

झाला में फंसने के कारण रामचंद्र व गांव के लोग एकत्रित होकर ट्रैक्टर ड्राइवर से तू-तू, में-में करने लगे। इसी बीच किसी ने 100 डायल को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची 100 डायल दरोगा ने उक्त ट्रैक्टर को अपने कब्जे में कर वन विभाग को सुपुर्द कर दिया। कुछ ट्रैक्टरों के द्वारा दबे छुपे रात्रि को कनहर नदी से अवैध बालू का उठान करके परिवहन किया जाने की सूचना पर विंढमगंज पुलिस गश्त पर हर वक्त निगरानी बनाई हुई है। इसी क्रम में आज उक्त ट्रैक्टर को ग्रामीणों की मदद से पकड़ा जा सका जिसे विंढमगंज थाने के माध्यम से वन रेंजर विंढमगंज को सुपुर्द कर दिया गया है जिस पर कानूनी कार्रवाई विंढमगंज रेंज के रेंजर कर रहे हैं। वहीं विंढमगंज रेंजर बिजेंद्र श्रीवास्तव ने सेल फोन पर बताया कि उक्त ट्रैक्टर वन विभाग के कब्जे में है। उस पर कानूनी कार्रवाई उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर की जा रही है।