SONBHADRA NEWS : सी-विजिल एप से आदर्श आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन की दे सकते है सूचना

सी-विजिल एप से आदर्श आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन की दे सकते है सूचना 

- सी-विजिल एप के माध्यम से आने वाली हर शिकायत पर सौ मिनट के अन्दर कार्यवाई की जाएगी।

श्याम अग्रहरि

सोनभद्र : जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ0प्र0, लखनऊ के निर्देश के क्रम में आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के दृष्टिगत स्वतन्त्र, निष्पक्ष, सकुशल सम्पन्न कराने तथा शिकायतों के निस्तारण हेतु द्वारा सी-विजिल एप विकसित किया गया है, उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च 2024 को निर्वाचन की घोषणा की जा चुकी है। आर्दश आचार संहिता जनपद में प्रभावी है। यदि आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन के संदर्भ में कोई शिकायत है तो सी-विजिल एप के माध्यम से आने वाली हर शिकायत पर 100 मिनट के अन्दर कार्यवाई की जाएगी। गड़बड़ी का सबूत देने के लिए मतदाता फोटो और वीडियो भेज सकते हैं। यानी इस ऐप के जरिए मतदाता भी चुनाव में निगरानी कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से मतदाता फोटो और वीडियो के साथ जहां गड़बड़ी हो रही हो उस स्थान की लोकेशन भी भेज सकते हैं और लिख कर पूरी जानकारी उपलब्ध करवा सकते हैं। यह ऐप एंड्राॅयड और आईओएस दोनों प्लेटफाॅर्म पर उपलब्ध है, एंड्राॅयड यूजर इसे गूगल प्ले स्टोर से और एप्पल यूजर एप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इंस्टाॅल करने पर कैमरा, लोकेशन और ऑडियो और फाइल्स एक्सेस करने की अनुमति मांगी जाती है। इसके बाद भाषा चुनने का विकल्प मिलता है जहां आप हिंदी या अंग्रेजी भाषा का चयन कर सकते हैं। इसके बाद आपको फोन नंबर लिखना होगा, जिस पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद आपको अपने नाम, पता, राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और पिन कोड की जानकारी देनी होगी। ये जानकारियां देने के बाद आपको वेरिफाई पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ऐप का होम पेज खुल जाएगा। जहां आपको फोटो, वीडियो और ऑडियो के विकल्प मिलेंगे। आप जिस भी माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवाना चाहते हैं, वह विकल्प चुन कर आप आयोग को गड़बड़ी की जानकारी पहुंचा सकते हैं।